पिछड़ेपन से कराहते बुन्देलखण्ड में डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से नजर आ रहा स्वर्ग


सदर विधायक ने नगर में बनने वाली नयी सड़कों का खाका खींचा

उरई।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा का दावा है कि 2014 के पहले बुन्देलखण्ड देश के सबसे पिछड़े इलाके में था जो भुखमरी, सूखा, सिचाई संसाधनों का अभाव, पेयजल संकट और आवागमन की दुरूहता जैसी समस्याओं से सिसकता था  जिसे लेकर केन्द्र में सत्तारूढ़ हुयी नरेन्द्र मोदी की सरकार ने संकल्प जताया था कि वे यहां की सूरत और सीरत बदलकर इस अंचल को स्वर्ग जैसा बना देंगे आज 9 वर्षों में उसका साकार स्वरूप नजर आने लगा है। उन्होने कहा कि अकेले उरई विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विभागों मेें 46 हजार करोड़ रूपये कायाकल्प के कार्योें के लिये व्यय किये गये है।
राठ रोड पर शंकर बैक्वेट हाॅल में मीडिया से वार्ता करते हुये विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि आज उरई विधानसभा क्षेत्र में नगरीय क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के दुर्गम मार्गों तक पर चैड़ी सड़कों का जाल बुना जा चुका है। पिछले 9 सालों में स्थिति में जमीन आसमान का अन्तर आ चुका है। उन्होंने बताया कि उरई से टिकरी तक और बमहौरी से मुहाना तक बड़ी सड़कें निर्मित की जा रही हैं। इसी तरह टाउनहाॅल से वाया अन्डर पास इटौरा तक सड़क बन रही है। मेडीकल चैराहे से रिनिया फाटक तक जिसमें माहिल तालाब मार्ग सम्मिलित होगा 30 फुट चैड़ा 10.200 किलोमीटर तक सड़क स्वीकृत की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जालौन से गोपालपुरा तक स्टेट हाईवे के निर्माण को भी मंजूर किया गया है। एट से कोटरा मार्ग निर्माण हो जाने के बाद उरई से कोटरा जाने में आखिरी में कुछ किलोमीटर का जो रोड शेष रह गया था वह पूरा हो जायेगा। उन्होंने स्मरण कराया कि देश में दो ही जगह डिफेंस कारीडोर बनाया जा रहा है जिनमें बुन्देलखण्ड और तमिलनाडु शामिल है। इससे रोजगार के तमाम नये दरवाजे यहां के लोगो के लिये खुल सकेंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी और प्रदेश की योगी की डबल इंजन सरकार ने इस पिछड़े अंचल में विकास की जो महागाथा लिखी है उसके लिये यहां के लोग हमेशा कृतज्ञ रहेंगे।
इसके पहले उन्होंने 2004 से 2014 तक के देश के लिये अंधकारमय दशक चर्चा की और कहा कि इस दशक में देश ने 10 वर्ष तक कमजोर सरकार का दंश झेला। उस दौर में एक परिवार के रिमोट से संचालित श्रीहीन सरकार केन्द्र में थी। 2014 में केन्द्र में बदलाव के बाद देश के लिये नये युग का श्री गणेश हुआ। देश की 130 करोड़ जनता ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा किया। इस भरोसे ने 2014 से 2023 के 9 साल में ही देश में शांति, समृद्धि और विकास की स्पीड भी दिखाई और स्केल भी दिखाई। मीडिया वार्ता में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोज राजपूत, जिला मंत्री अग्निवेश चतुर्वेदी, नगर अध्यक्ष हरेन्द्र विक्रम सिंह और भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सूर्य नायक मौजूद थे। मीडिया वार्ता में सदर विधायक ने 9 साल में मोदी सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उठाये गये कदमों का विस्तृत लेखा जोखा सामने रखा।

Leave a comment