उरई।
कालपी पुलिस ने गुरूवार को चोरों का एक गैंग पकड़ा जिससे कालपी और माधौगढ़ में हुयी वारदातों का पर्दाफाश किया जा सका। चोरों के पास से 60 हजार रूपये की नगदी और दो मंगलसूत्र बरामद हुये। इस सिलसिले में आधा दर्जन लोगों को जेल भेजा गया है। जिनमें एक महिला, उसका पति, भाई व अन्य रिश्तेदार हैं। साथ ही उनके माल को खपाने वाला सुनार और जीप ड्राइवर को भी पकड़ा गया है।
कालपी पुलिस ने आज चोरों का एक बड़ा गैंग पकड़ा। प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह इसकी टोह में कुछ दिनों से जुटे थे। उन्हें मुखबिर से इस गैंग के बुलेरो गाड़ी से जाने की सूचना मिली। उन्होंने बताये गये स्थान पर दबिश देकर गाड़ी रोक ली। इसमें 6 लोग सवार थे जिनमें रामदेवी और उसका पति रामप्रसाद, सुरेन्द्र कुमार, रामचन्द्र निवासीगण सिहोपुर थाना घाटमपुर जिला कानपुर नगर, आलोक सोनी निवासी ग्राम नौरंगा थाना घाटमपुर व धरमवीर यादव उर्फ पप्पू निवासी मिलखपुर थाना घाटमपुर शामिल थे। इनके द्वारा कई वारदातें किये जाने का संदेह है। सीओ देवेन्द्र पचैरी ने बताया कि पकड़ी गयी महिला भीड़भाड़ वाले स्थान में घुसकर महिलाओं का सामान चुरा लेती थी। कालपी में बलखण्डी देवी मंदिर में इसने चोरी की थी जिसके दो मंगलसूत्र बरामद हुये है। इस गिरोह के पकड़े जाने से अपराधों से पीड़ित जनता को काफी शांति मिलेगी।







Leave a comment