कोंच-उरई।
भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का जिला सम्मेलन स्थानीय परमहंस लाॅज में विधायक मूलचन्द निरंजन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोज राजपूत, दयाशंकर यादव, राजेश्वरी यादव, अंजू अग्रवाल, बादाम सिंह कुशवाहा, शिवप्रसाद पटेल और जिलाध्यक्ष महेन्द्र सिंह सोनी उर्फ लला भी मंचस्थ रहे। अतिथियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों का पुष्प अर्चन कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में विधायक मूलचन्द निरंजन ने कहा कि भाजपा की सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का मूल मंत्र लेकर कार्य कर रही है। इसी कारण सरकार की योजनाओं में किसी के साथ भेदभाव नहीं होने दिया जा रहा। भाजपा पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मनोज राजपूत ने कहा कि पिछड़े वर्ग के लोगों का जो मान सम्मान भाजपा में है वह अन्य किसी पार्टी मे नहीं है। पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय अध्यक्ष दयाशंकर वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि अन्य पार्टियां पिछड़े वर्ग के लोगों का वोट लेकर उनका शोषण करतीं रहीं। अगर किसी पार्टी ने उन्हें सही अर्थों में आगे बढ़ने का मौका दिया तो यह सिर्फ भाजपा है।
नगर पालिका परिषद कोंच के अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता ने भी सम्मेलन को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि इस सरकार में पात्र लोगों को बिना जाति धर्म के भेदभाव के योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। यह भाजपा की न्यायपूर्ण नीति का प्रमाण है।
भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष महेन्द्र सोनी लला ने आये लोगों का स्वागत किया और बाद में इस सफल आयोजन को लेकर आभार जताया। नरेश वर्मा, सुनील शर्मा, शिवप्रसाद पटेल, बब्बू मास्टर, मयंक मोहन गुप्ता, संजीव गर्ग, भाजपा के नगर कोषाध्यक्ष प्रभंजन गर्ग, बसंत अग्रवाल, बाबू राम पाल, नरेश कुशवाहा, मुन्ना यादव, संतोष राठौर, ओपी कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।







Leave a comment