उरई।
रामपुरा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल से जा रहे अधेड़ सब्जी विक्रेता की मिनी ट्रक द्वारा पीछे से टक्कर मार दी जाने के कारण मौत हो गयी। मृतक के परिजनों का कहना है कि यह आपस में दुर्घटना का मामला नहीं है बल्कि हत्या का मामला है।
बताया गया है कि उक्त थाना क्षेत्र के ग्राम कंजौसा का निवासी अरविंद निषाद (45 वर्ष) सब्जी की कास्त करता था और इस पैदावार को खुद ही मोटरसाइकिल से आप पास के ग्रामीण बाजारों में विक्रय के लिये ले जाता था। आज सुबह लगभग सवा सात बजे जब वह मोटरसाइकिल पर सब्जी लादकर जगम्मनपुर बेंचने के लिये ले जा रहा था तभी पीछे से मोड़ के पास आयशर मिनी ट्रक यूपी 77 एएन 5316 ने उसमें तेज टक्कर मार दी जिससे वे 20 फुट आगे उछलकर गिर पड़े। इस बीच टक्कर मारने वाला मिनी ट्रक उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। नतीजतन अरविंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दौरान मिनी ट्रक भाग निकला था लेकिन जगम्मनपुर चैकी पर मिली सूचना के बाद वहां तैनात सिपाहियों ने पीछा करके थाना अयाना के अन्तर्गत सेगनपुर के पास उस ट्रक को पकड़ लिया। हालांकि ट्रक चालक इसके पहले ही फरार हो चुका था।
उधर मृतक अरविंद के परिजनों का कहना है कि यह दुर्घटना नहीं सुनियोजित हत्या है। मिनी ट्रक चला रहा लालजी मृतक का चचेरा भाई है जिसने योजना बनाकर दुर्घटना का रूप देते हुये अरविंद को मार डाला। प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण सिंह ने कहा कि तहरीर मिलने पर उचित धाराओें में मुकदमा पंजीकृत करके सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुये घटना की निस्पक्ष जांच की जायेगी।






Leave a comment