कालपी ईओ पर होगा एक्शन, कोंच ईओ का वेतन रोका


उरई।
नगर निकायों में कर व शुल्क की कम वसूली पर डीएम ने नाराजगी प्रकट की। इसे लेकर नगर पालिका कालपी के अधिशासी अधिकारी पर जानबूझकर राजस्व की क्षति का आरोप लगाते हुये उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश उन्होंने दिये। नगर पालिका कोंच के अधिशासी अधिकारी पर भी उनका गुस्सा फूटा। कम वसूली और विद्युतीकरण पूर्ण न होने के मद्देनजर उनका वेतन रोकने के निर्देश दिये।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने सोमवार को नगर निकायों में हुये कार्यों की समीक्षा और वसूली को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि संबंधित निकायों द्वारा जो टेंडर किया गया है उसमें निर्धारित अवधि में कार्य नहीं होता तो संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किये जायें। उन्होंने कहा कि नगर निकायों में कराये जा रहे कार्य धरातल पर दिखने चाहिये। इसमें किसी तरह की गड़बड़ी क्षम्य नहीं होगी। समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुये उन्होंने कहा कि एमआरएफ केन्द्रों पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। साथ ही अधिशासी अधिकारी प्रत्येक गौशाला का निरीक्षण करें। गौशाला में कितने गौवंश मौजूद हैं और उनपर किये जा रहे व्यय का लेखा जोखा रजिस्टर में अंकित रखें। गौशाला मेें पर्याप्त व्यवस्थायें सुनिश्चित रहें।
उन्होंने कहा कि समस्त निकायों में एक एक सुंदर पार्क व माॅडल प्रोजेक्ट की तरह तालाब संरक्षित करने के कार्य एक माह में कराने को कहा। सभी अधिशासी अधिकारियों से कहा कि वे अपने अपने क्षेत्र में अस्पताल, होटल, मीट की दुकान आदि का सर्वे कर राजस्व वसूली करें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विशाल यादव, समस्त अधिशासी अधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment