शिक्षक समस्याओं को लेकर बीएसए को सौंपा ज्ञापन


उरई।
शिक्षक समस्याओं के निराकरण के लिये शैक्षिक महासंघ ने पूरी तरह कमर कस ली है। प्रांत द्वारा घोषित सात चरणों का आंदोलन जैसे जैसे आगे बढ़ता जा रहा है वैसे तमाम शिक्षक समस्याओं के निराकरण के प्रति शासन व विभागीय अधिकारियों की तत्परता और गम्भीरता स्पष्ट दिख रही है। इसी क्रम में आंदोलन के तृतीय चरण के पहले दिन प्रांतीय नेतृत्व के आवाहन पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की जनपदीय इकाई ने सैकड़ों शिक्षक शिक्षिकाओं की मौजूदगी में 22 सूत्रीय ज्वलंत समस्याओं को लेकर महानिदेशक स्कूल शिक्षा को संबोधित ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपा।
विदित हो कि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश (प्राथमिक संवर्ग) के प्रांतीय प्रतिनिधि मंडल ने 8 जून 2023 को निशात गंज लखनऊ स्थित कार्यालय में महानिदेशक स्कूल शिक्षा को ज्ञापन सौंपा था व वार्ता की थी। जिसके उपरांत महानिदेशक स्कूल शिक्षा द्वारा ज्ञापन को गंभीरता पूर्वक लेते हुये पारस्परिक अंतः जनपदीय स्थानांतरण, अंन्र्तजनपदीय स्थानांतरण, पारस्परिक अन्र्तजनपदीय स्थानांतरण व अंशकालिक अनुदेशकों के स्थानांतरण आदेश निर्गत किये गये थे। साथ ही महानिदेशक द्वारा सचिव बेसिक शिक्षा परिषद व बेसिक शिक्षा निदेशक को पत्र जारी कर ज्ञापन में अंकित समस्याओं का एक सप्ताह में समयबद्ध निस्तारण करके कृत कार्यवाही से अवगत कराने हेतु निर्देशित किया गया था। प्रांतीय निर्देश के क्रम में सौंपे गये ज्ञापन में प्रांत द्वारा निर्धारित 22 सूत्रीय मांगों के अतिरिक्त नगर क्षेत्र जालौन में पूर्व की तरह नगरीय एचआरए बहाल करने, नगर उरई, जालौन, कोंच व कालपी के विद्यालयों में शिक्षकों की अत्यंत कमी के कारण विद्यालय संचालन, पठन पाठन व शासन व विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुये मानके के अनुरूप शिक्षकों की पद स्थापना की मांग की गयी। एडेड विद्यालयों के शिक्षकों का ऑनलाइन स्थानांतरण, प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति, प्रोन्नत वेतनमान का स्पष्ट आदेश व समाप्त किये गये एक सहायक अध्यापक, एक लिपिक, एक अनुचर के पदों को पुनः बहाल करने की मांग की गयी।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह चैहान, महामंत्री इलयास मंसूरी, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार, संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजदेवर संयोजक अरविंद स्वर्णकार, सह संयोजक विकास कुमार, ऐडेड वर्ग के अध्यक्ष उपेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी ब्रजेश श्रीवास्तव आदि मुख्य थे।

Leave a comment