उरई।
हाथ ठेला पर और फुटपाथ पर बैठकर फल सब्जी बेचने वाले गरीब दुकानदारों के लिये राठ रोड स्थित गल्लामंडी में जगह देने की मांग की गयी है। गौरतलब है कि इस गल्लामंडी को जल्द ही खाली कराया जाना है।
फुटकर सब्जी फल विक्रेता संघ के बैनर तले इस बारे में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया है जिसमें बताया गया कि नगर में लगभग 1000 फुटकर सब्जी एवं फल विक्रेता विभिन्न स्थलों पर फुटपाथ पर बैठकर या हाथ ठिलिया पर रखकर दुकानदारी करते है। इनके लगभग 12 अड्डे चिह्ति है जो कि जवाहरगंज, गोपालगंज, सब्जीमंडी, राठ रोड, झांसी रोड, बघौरा बाइपास, जिला परिषद रोड, करमेर रोड, कुुइया रोड, अजनारी रोड, कोंच रोड, कालपी रोड और भगत सिंह चैराहा आदि स्थान पर हैं। यहां सब्जी फल बेंचकर परिवार को भरण पोषण करने वालों की संख्या हजारों में है।
ज्ञापन कहा गया है कि हर वर्ष नगरपालिका द्वारा अतिक्रमण के नाम पर इन गरीबों का शोषण किया जाता है। आये दिन इनको चालान काटने की धमकी दी जाती है। कम पढ़े लिखे होने के कारण ये गरीब अपनी बात नहीं कह पाते। चूंकि शहर में नगर विकास प्राधिकरण द्वारा विकास कार्य कराये जा रहे हैं जिसकी श्रृंखला में राठ रोड स्थित गल्लामंडी को खाली कराकर विकसित किया जाना शामिल है। अगर इस स्थान पर जो नगर के बीचोबीच भी है फुटकर सब्जी और फल विक्रेताओं को स्थापित किया जाये जो कि नगरपालिका परिषद में फुटकर पथ विक्रेता के तौर पर पंजीकृत हैं उनकी सहमति प्राप्त करने में कोई अड़चन नहीं आ सकती। यह फुटपाथी फल सब्जी विक्रेताओं पर बहुत बड़ी मेहरबानी होगी जिसके मद्देनजर जिलाधिकारी से आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा उन्होंने की। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री को भेजने के साथ साथ केन्द्रीय मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा और सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा को भी सौंपी गयीं हैं। ज्ञापन पर फुटकर सब्जी फल विक्रेता संघ के अध्यक्ष नवनीत कबीर, डालचन्द्र, बृजमोहन प्रजापति, चन्द्रशेखर, रूबी, नरेश, आशा देवी, हरिश्चन्द्र, रामकुमार वर्मा, जयप्रकाश, परशुराम, देशराज वर्मा, मनोज कुमार वर्मा, आशु राइन, नासिर, प्रीति खटीक, गौरव बाथम, शंकर वर्मा, मूलचन्द्र, श्यामकरन, राजकरन, विजय चैधरी, श्यामा देवी, रामवती, विकास, दिलीप, मीरा और रानी आदि के हस्ताक्षर हैं।






Leave a comment