उरई।
कलैक्ट्रेट सभागार में विद्युत व्यवस्थापक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुयी जिसमें घर घर कनेक्शन करने की कार्य योजना की गहन समीक्षा की गयी। इस दौरान दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक अमित किशोर, जिलाधिकारी चांदनी सिंह, पुलिस अधीक्षक ईरज राजा, विभाग के अधिशाषी अभियंता व सभी अवर अभियंता उपस्थित थे।
प्रबंध निदेशक ने विभाग को निर्देशित किया कि जनपद में आवासित परिवारों का स्वयं सहायता समूहों, विद्युत सखी एवं पंचायत सहायकों के माध्यम से ग्राम पंचायत वार सर्वे कराया जाये। इसका मुख्य उद्देश्य आवासित परिवारों द्वारा किये जा रहे विद्युत उपयोग का प्रकार व विद्युत उपयोग नहीं कर रहे परिवारों का डाटा संग्रह करना है। जो परिवार विद्युत का उपयोग वैधानिक तरीके से नहीं कर रहे हैं उन्हें प्रेरित करके विद्युत कनेक्शन दिये जायें।
कनेक्शन कराने वाले स्वयं सहायता समूह, विद्युत सखी व पंचायत सहायकों को 100 रूपये प्रति कनेक्शन की दर से प्रोत्साहन राशि दी जायेगी। यह धनराशि कनेक्शन होते ही अधिशाषी अभियंता द्वारा तत्काल निर्गत की जायेगी। उन्होंने कहा कि हर घर को कनेक्शन दिये जाने से न केवल विद्युत चोरी पर विराम होगा बल्कि यह कदम आवासीय परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लायेगा। इस सर्वे के दौरान अगर कोई विद्युत अनियमितता पायी जाती है तो दंडात्मक कार्रवाई न कर विद्युत कनेक्शन प्रदान किया जायेगा साथ में जिन परिवारों का पहले से विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज है और जिन पर राजस्व निर्धारित हो चुका है उन्हें भी मात्र एक घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर कराकर मुक्ति प्रदान की जायेगी।
विद्युत चोरी पर विराम लगाये जाने हेतु उक्त के अतिरिक्त रिवेम्प योजना में लाइन हानियों को कम करने के लिये भारत सरकार करोड़ों रूपये स्वीकृत कर चुकी है जिस पर त्वरित गति से धरातलीय कार्य प्रारंभ करा दिया गया है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्य करते हुये जनपद के समस्त विकास खण्डों में मीटिंग रीडिंग के सभी कार्य विद्युत सखियों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों से कराये जायेंगे।
उन्होंने विद्युत विभाग की आरसी की वसूली के लिये तहसीलदारों और संबंधितों को प्रभावी कार्यवाही के लिये निर्देशित किया। उन्होंने यह भी कहा कि यह शिकायतें आ रहीं है कि विद्युत अभियंता आम नागरिक ही नहीं जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के भी फोन रिसीव नहीं करते। इस बारे में उन्हें अपनी कार्य प्रणाली में सुधार लाते हुये हर फोन अटैंड करने की आदत बनानी चाहिये। उन्होंने एई स्टोर व अधिशाषी अभियंता विद्युत प्रथम से कार्यों में लापरवाही को लेकर स्पष्टीकरण मांगा।
एमडी ने कहा कि जनपद के स्टोर रूमों में सामान की पर्याप्त उपलब्धता है इसलिये आम नागरिकों को इस हेतु परेशान न किया जाये। उन्हें सरलतापूर्वक स्टोर रूम से जरूरी सामान उपलब्ध कराया जाये। इसमें किसी प्रकार की टाल मटोल बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने यह भी कहा कि शहरी क्षेत्र में 24 घण्टे में व ग्रामीण क्षेत्र में 48 घण्टे ट्रांसफार्मर बदलने का प्रावधान है जिसे लेकर आपको निर्देशित किया जाता है कि ऐसे में जबकि जनपद में पर्याप्त ट्रांसफार्मर उपलब्ध हैं उक्त व्यवस्था का अक्षरशः पालन किया जाये। उन्होंने मोटोकारला एजेंसी को निर्देशित किया कि जनपद में जर्जर तार बदलने व पोल लगाने का कार्य गुणवत्ता से किया जाये। इसमें गड़बड़ी होने पर आप लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जायेगी और आपको ब्लैक लिस्टेड भी किया जायेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डां अभय कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी पूनम निगम, निदेशक टेक्नीकल वीएम शर्मा, अधीक्षण अभियंता कामर्शियल रामप्रकाश गुप्ता और विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







Leave a comment