कालपी में यमुना पर लगेगा फ़िल्टर प्लांट , उरई आये उप मुख्यमंत्री मौर्य ने ली सुध

कालपी-उरई |  कालपी की 70000 आबादी का गंदा पानी सीधे-यमुना नदी में जाने से रोकने हेतु तत्काल सीटीपी अथवा एसटीपी लगवाने के निर्देश गत दिनों  उरई  पधारे उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद जालौन के मुख्य विकास अधिकारी को मंच पर ही बुलाकर देते हुए कहा यह कार्य बहुत शीघ्र ही प्रारंभ हो जाना चाहिए | इसमें किसी भी प्रकार की हीला हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी |

    उत्तर प्रदेश हाथ कागज निर्माता समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार तिवारी द्वारा दिए गए मांग पत्र को पढ़ने के उपरांत उप मुख्यमंत्री जी ने कहा यह कार्य तो अभी तक हो जाना चाहिए था | उन्होंने कहा कि शासन की वरीयता क्रम में आता है कि नदियों में शहरों का खराब पानी न जाने पाए इसलिए प्रत्येक जगह जल्दी-जल्दी एसटीपी अथवा सीटीपी बनवाए जा रहे हैं |

 मांग पत्र में सीटीपी के अलावा जीएसटी की दरों में कमी करने तथा विद्युत की दरों में 50% अनुदान एवं हाथ से बने कागज की बिक्री हेतु शासन द्वारा विशेष उपाय करने का भी अनुरोध किया गया था | शेष मांगों का उपमुख्यमंत्री ने शासन स्तर पर बैठक करके निराकरण करने का आश्वासन दिया है |

  भारत सरकार के बौद्धिक संपदा विभाग द्वारा कालपी के हस्तनिर्मित कागज उद्योग को जीआई टैग देकर इस उद्योग के महत्व को पूरे विश्व में प्रदर्शित करने का विशेष अवसर प्रदान किया गया  है जिसे ले कर उप मुख्यमंत्री द्वारा हस्तनिर्मित कागज उद्योग के पदाधिकारियों में कुलदीप शुक्ला , विनीत गुप्ता तथा संगठन के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार तिवारी को प्रशस्ति पत्र देते हुए कहा कि यह जनपद जालौन के लिए बहुत ही गौरव की बात है कि यहां के प्रमुख उत्पाद हैंडमेड पेपर को भारत सरकार द्वारा जीआई टैग दिया गया है।

    जनपद जालौन के उरई मुख्यालय के टाउन हाल में पधारे उत्तर प्रदेश सरकार के तेजतर्रार उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का हस्तनिर्मित कागज उद्योग के पदाधिकारियों द्वारा विशेष स्वागत सत्कार किया गया।

हस्तनिर्मित कागज निर्माता समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार तिवारी ने इस अवसर पर जनपद जालौन की जिलाधिकारी डॉक्टर चांदनी सिंह द्वारा ओडीओपी योजना में चयनित हस्तनिर्मित कागज उद्योग को विशेष प्रोत्साहन देने के लिए उनके प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा की जिलाधिकारी हमेशा कागज उद्योग  को प्रोत्साहित  करने में विशेष सहायता करती हैं।

Leave a comment