मंदिर के सेवादार की हत्या के मामले में पुजारी गिरफ्तार


उरई।
कदौरा थाना क्षेत्र के बवीना में मंदिर के अंदर हुयी एक व्यक्ति की हत्या के मामले का पर्दाफाश कर लिया गया है। थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह द्वारा की गयी तत्पर कार्रवाई के चलते नामजद अभियुक्त को आज दबोचा गया तो उसने अपराध कबूल कर लिया।
कालपी के क्षेत्राधिकारी डां देवेन्द्र पचौरी ने बताया कि बवीना निवासी राजकुमार यादव का शव बखत बाबा मंदिर के कुएं के पास गत 1 जुलाई को सुबह मिलने से सनसनी फैल गयी थी। वह इस मंदिर में एक साल से पुजारी आनंद कुमार पाण्डेय निवासी खरेला जनपद महोबा के साथ सेवाटहल के लिये रहता था। 30 मई की रात लगभग 11 बजे राजकुमार यादव सब्जी लेकर आया। इस दौरान पुजारी और वह दोनों गांजा पिये हुये थे। राजकुमार पुजारी से नशे की जुंग में 200 रूपये लेने के लिये झगड़ने लगा तो पुजारी आनंद पाण्डेय भी ताव खा गया। झगड़ा बढ़ा तो आनंद पाण्डेय ने गुस्से में अपने पास रखे लोहे का सब्बल उसके चेहरे और पीठ पर दे मारा जिससे वह लहूलुहान हो गया और मौके पर ही उसके प्राण पखेरू उड़ गये। तब आनंद को होश आया। घबराकर वह राजकुमार के शव को कमरे से घसीटकर कुएं के पास फेंक आया जबकि सब्बल उसने कमरे में छुपा दिया और मंदिर से फरार हो गया। अगले दिन शव मिलने पर मृतक राजकुमार के भाई अमर सिंह यादव ने घटना की रिपोर्ट थाने में दी जिस पर आनंद पाण्डेय के खिलाफ नामजद हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया और पुलिस आनंद की तलाश में जुट गयी। थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने कल शाम सुरागरसी करके परोसा बस स्टैण्ड पर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Leave a comment