उरई।
वाटर पार्क मेें नहाने गये युवक की वहां डूब कर मौत हो गयी। मृतक के परिजन वाटर पार्क संचालक को घटना के लिये जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
घटना जालौन बाईपास स्थित ए स्क्वायर वाटर पार्क की है। मध्यप्रदेश के छतरपुर जनपद के अलीपुरा का निवासी आमिर (22 वर्ष) तिलक नगर में रहने वाली खाला की बेटी की शादी में शामिल होने आया था। मंगलवार को शादी निपट गयी। इसके बाद बुधवार को दोपहर में वह परिवार के हम वयस्कों के साथ मौज मस्ती मनाने ए स्क्वायर वाटर पार्क पर पहुंच गया। सभी लोग जब वाटर पार्क में नहा रहे थे तभी आमिर उसमें डूब गया। काफी देर तक जब वह दिखाई नहीं दिया तो साथ के लड़के घबरा गये और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। वाटर पार्क संचालक को जानकारी दी तो वहां कोई सिक्योरिटी गार्ड या सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं थी। इस दौरान आमिर के साथ के लड़कों ने ही किसी तरह आमिर को अचेत हालत में स्वीमिंग पूल के बाहर निकाला और अस्पताल ले गये जहां उसको मृत घोषित कर दिया गया।
घटना को लेकर आमिर के रिश्तेदार मुहल्ला तिलक नगर निवासी शहजाद ने बताया कि घटना के वक्त वाटर पार्क में कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं था अन्यथा उसे बचा लिया गया होता। उन्होंने वाटर पार्क मालिक पर उसकी मौत की जिम्मेदारी होने का दोष मढ़ा। इसे लेकर कोतवाल शिवकुमार सिंह राठौर का कहना है कि घटना की पड़ताल की जा रही है और अगर परिवार के लोगों ने शिकायत की तो उस आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी।







Leave a comment