
उरई।
सिरसाकलार थाने के रिनिया ग्राम में सनकी बड़े भाई ने लेनदेन को लेकर हुये विवाद में छोटे भाई पर तमंचे से गोली चला दी। बाद में जब उसे मेडिकल काॅलेज लाया गया तो उसने दम तोड़ दिया। इस बीच खबर मिली है कि गोली चलाने वाले बड़े भाई को भी पुलिस ने मुठभेड़ में घायल करके गिरफ्तार कर लिया है।
उक्त ग्राम निवासी सत्यनारायण पाठक के दो बेटे श्याम जी पाठक और गौरव पाठक थे। कहा जाता है कि श्याम जी पाठक का मानसिक संतुलन कुछ दिनों से गड़बड़ा गया था जिसके कारण वह छोटी छोटी बात पर पिता और छोटे भाई से झगड़ा करता रहता था। यहां तक कि उसकी पत्नी भी बच्चे को साथ लेकर उसके व्यवहार से आजिज होने के कारण मायके चली गयी थी।
गुरूवार को श्याम जी का छोटे भाई गौरव के साथ लेनदेन को लेकर वाद विवाद हो गया जिसके दौरान श्याम जी ने 25 वर्षीय गौरव पर तमंचे से गोली चला दी जिसके लगने से गौरव लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जालौन लाया गया जहां से हालत नाजुक होने के कारण उसे रेफर कर दिया गया। बाद में मेडिकल काॅलेज पहुंचकर उसने दम तोड़ दिया।
उधर छोटे भाई को गोली मारकर भाग रहे श्याम जी पाठक को पुलिस ने सिरसाकलार से बावई जाने वाले मार्ग पर घेर लिया तो उसने पुलिस पर भी फायर कर दिया। नतीजतन पुलिस ने जबावी फायर किया जिसमें श्याम जी पैर में गोली लगने के कारण लड़खड़ा गया और पकड़ लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक असीम चैधरी ने बताया कि उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां डाॅक्टरों के मुताबिक उसकी हालत खतरे से बाहर है।







Leave a comment