उरई।
शुक्रवार की शाम सीएनजी गैस सिलेण्डर फटने से हुये हादसे मेें अभी तक दो बच्चियों व एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो चुकी है। चार लोग घायल हैं जिनका मेडिकल काॅलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति स्थिर बताई गयी है।
जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने पुलिस अधीक्षक इरज राजा के साथ आज हादसे का ब्योरा देते हुये बताया कि कांशीराम काॅलोनी का रवि (25 वर्ष) पुत्र अशोक कबाड़ का काम करता है। इस सिलसिले में वह एक निष्प्रयोज्य सीएनजी गैस सिलेण्डर घर लाया। जब वह इसकी धातु निकालने के लिये इसे तोड़ रहा था उसी समय इसमें भरी गैस विस्फोटित हो गयी। हादसे में रवि के परिवार और पड़ोस के कई लोग झुलस गये।
खबर पाकर अधिकारीगण रात में ही कांशीराम काॅलोनी में घटना स्थल पर पहुंच गये और उन्होंने घायलों को तत्परतापूर्वक इलाज के लिये मेडिकल काॅलेज अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान इसमें रवि की मां शकुंतला (50 वर्ष), उसकी दो वर्षीय पुत्री और विपिन नामक एक अन्य व्यक्ति की पांच वर्षीय पुत्री ने दम तोड़ दिया। रवि सहित चार लोग बुरी तरह घायल हैं जिनका मेडिकल काॅलेज में इलाज किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों की पूरी मदद कर रहा है। इसके अलावा उन्हें जो भी संभव होगा आर्थिक सहायता दिलायी जायेगी।







Leave a comment