उरई।
जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने बताया कि शासन द्वारा स्वाधीनता दिवस मनाने के लिये तय की गयी रूपरेखा के तहत मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय पर प्रातः 9 बजकर 15 मिनट पर और इसके बाद सवा 10 बजे जिला/तहसील/ब्लाॅक/नगर निकायों आदि में सरकारी तथा गैर सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा। इसके बाद झंडा अभिवादन के साथ ही राष्ट्रगान का भावपूर्ण गायन होगा। राष्ट्रीय ध्वज को पुष्पों की पंखुड़ियां बांधकर फहराया जायेगा। समस्त शिक्षण संस्थाओं में इस अवसर पर ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होगा जिनमें जन गण मन का सामूहिक गान सम्मिलित हो।
इस दौरान विद्यार्थियों को संक्षेप में स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास बताया जायेगा। उनके समक्ष देश पर शहीद हुये देशभक्तों के जीवन के प्रेरक प्रसंग दोहराये जायेगे जिससे राष्ट्रीय चेतना जाग्रत हो। इस कड़ी में देश प्रेम की भावना जाग्रत करने वाले नाटकों का मंचन, विचार गोष्ठी, वाद विवाद प्रतियोगिता, प्रदर्शनी, निबंध लेखन आदि के आयोजन का भी प्रयास किया जायेगा।
जिलाधिकारी के अनुसार शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी कार्यक्रमों/योजनाओं के साथ ही शैक्षिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देने वाले कार्यक्रमों के आयोजन के संबन्ध में भी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश संबन्धित अधिकारियों और लोगाों को दिये गये। क्रीडा विभाग खेल प्रतियोगिताऐं करायेगा। जनपद में स्वाधीनता दिवस की 76वीं वर्षगांठ माटी को नमन वीरों का वंदन की थीम के साथ मनायी जायेगी जिसमें पुलिस बल के पुरस्कृत वीरों, शहीदों के आश्रितों, पूर्व सैनिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का जन प्रतिनिधियों का सम्मान होगा।







Leave a comment