उरई।
स्वाधीनता दिवस का पर्व इस बार धार्मिक त्योहार के स्तर के समर्पण, उत्साह और जुनून के स्तर पर मनाया गया। आज दिनभर राष्ट्रीयता से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित होते रहे जिनमें लोग बड़ी संख्या में शामिल हुये।
इस क्रम में जिलाधिकारी चांदनी सिंह ने अपने कैम्प कार्यालय में ध्वजा रोहण किया। इसके बाद एनआईसी सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅक्टर घनश्याम अनुरागी व सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा की उपस्थिति में मुख्यमंत्री के संदेश का सजीव प्रसारण सुना गया। साथ ही जन प्रतिनिधियों ने वीरों का वंदन करने के भाव के साथ विभिन्न बलों के पुरस्कृत वीरों का अभिनंदन किया। शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को अंग वस्त्र प्रदान कर और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया।
कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजा रोहण जिलाधिकारी ने किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पंच प्रण की शपथ दिलायी। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के लिये अपने प्राणों के बलिदान का सर्वोत्तम समर्पण प्रस्तुत करने वाले शहीदों को नमन किया। उनके स्वप्न के अनुरूप देश के निर्माण के लिये प्रत्येक व्यक्ति के कृत संकल्प होने की जरूरत पर बल दिया। जिलाधिकारी ने मेरी माटी मेरा देश और हर घर तिरंगा थीम पर हुयी निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली, फोटोग्राफी की प्रतियोगिताओं के अब्बल प्रतिभागी छात्र छात्राओं को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे विशाल यादव, नगर मजिस्ट्रेट अरूण कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी, अपर जिला सूचना अधिकारी पंकज तिवारी मुख्य रूप से मौजूद रहे। संचालन वरिष्ठ कोषाधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी ने किया







Leave a comment