ध्यानचंद जयंती पर हॉकी मैच के रोमांच से विभोर हुए दर्शक


उरई। मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाये जा रहे तीन दिवसीय खेल महोत्सव के पहले दिन इंदिरा स्टेडियम में हॉकी के मुकाबले आयोजित किये गये जिसमें युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एक समय सारे देश की तरह उरई में भी हॉकी की धूम थी। जिले के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बन चुके थे जो आने वाली पीढ़ियों के लिए इस खेल को अपनाने की प्रेरणा बनते थे। लेकिन क्रिकेट के जुनून ने पूरे देश के साथ-साथ उरई में भी लोगों के जेहन से हॉकी का नशा मिटा दिया। आज इस राष्ट्रीय खेल के लिए पहले जैसी दीवानगी युवाओं में पैदा करने की पहल खेल दिवस के अवसर पर हुई। दर्शकों में भी इस दौरान पुराने रोमांच की झलक देखने में आई। मैच में उपस्थित अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार ने बताया कि इसका उददेश्य खेल भावना का विकास और युवाओं को मेजर ध्यानचंद के आदर्शो को अपनाने के लिए प्रेरित करना था। नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, क्रीड़ा अधिकारी शैलेंद्र कुशवाहा भी उपस्थित थे।
इसके पहले लखनऊ में पदमश्री मोहम्मद शाहिद सिन्थैटिक हॉकी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नव चयनित सहायक खेल प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के साथ राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में 88 पदक जीतने वाले उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि प्रदान की। इस कार्यक्रम का एलईडी के माध्यम से इंदिरा स्टेडियम में सजीव प्रसारण किया गया। सांसद नारायण दास अहिरवार, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, एमएलसी प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी व जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय सहित कई प्रमुख लोगों ने इसे देखा और इस दौरान मुख्यमंत्री द्वारा किये गये संबोधन को सुना।

Leave a comment

Recent posts