आसरा कालोनी के गरीब बाशिंदे जिम्मेदारों की उपेक्षा का शिकार, लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री के सामने लगायेगे गुहार


जालौन-उरई। आसरा कालोनी में पेयजल संकट के कारण हाहाकार मचा हुआ है। प्यास बुझाने के लिए बच्चों और बुजुर्गों तक को दूर-दराज से ढोकर पानी लाना पड़ रहा है।
नगर में चुर्खी रोड स्थित फायर स्टेशन के पास बनी आसरा कालोनी के बाशिंदे अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहे हैं। गरीबों को पक्के आशियाने में बसाने के लिए बनाई गयी इस कालोनी में 84 परिवार रहते हैं। इस कालोनी की दशा यह है कि अगर जरा भी पानी बरस जाये तो निकासी न होने से बस्ती जलमग्न हो जाती है। जल भराव के कारण गंदगी और घासफूंस के चलते पनपते मच्छरों से बीमारी का प्रकोप छाया रहता है।
इसकी कई बार शिकायत की गयी लेकिन समस्या का हल नही निकला। अब तो हालत यह है कि यहां के बाशिंदे प्यास बुझाने के लिए भी मोहताज हालत में हैं। कालोनी में कहीं भी सरकारी हैंडपंप नही हैं। एक पानी की टंकी बनी है जिसमें कभी पानी नही आया।
एक वर्ष पूर्व सौर ऊर्जा के माध्यम से नलकूप संचालन की व्यवस्था बनायी गयी थी जो कुछ ही दिनों में ठप्प हो गयी। इस हालत में बच्चे और बुजुर्ग तक दूर से पानी ढोने को मजबूर दिखायी पड़ते हैं। सुषमा देवी, राधा, कीर्ति, लक्ष्मी, जुबेर, अंकुर, श्रीपाल, छोटे, सरजू आदि का कहना है कि गरीबों की बस्ती होने के कारण जिम्मेदार इस कालोनी पर अपनी नजरे इनायत नही कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कालोनी के बाशिंदे लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री के दरबार में पेश होने की योजना बना रहे हैं।

Leave a comment

Recent posts