जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार में महिला बंदियों से किया संवाद

उरई, 11 अक्टूबर 2025: मिशन शक्ति 5.0 के तहत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने आज जिला कारागार का दौरा कर महिला बंदियों से संवाद किया। इस दौरान उनकी समस्याओं को सुना और तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी महिला बंदी को न्यायिक सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए। जिनके पास अधिवक्ता नहीं हैं, उन्हें अधिवक्ता उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने जेल प्रशासन को जेल मैनुअल के अनुसार भोजन, दवा, सुरक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जेल परिसर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने रसोई, बैरक, अस्पताल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की, साथ ही महिला बंदियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0, जो 22 सितंबर से 22 अक्टूबर 2025 तक चल रहा है, महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। इसके तहत जेल में महिला बंदियों के अधिकारों, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी बंदियों को नियमानुसार सुविधाएं दी जा रही हैं।कार्यक्रम में जेल अधीक्षक नीरज देव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह पहल महिला बंदियों के कल्याण और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a comment