कालपी (जालौन), १८ नवंबर २०२५। कालपी प्रेस क्लब के नवगठित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को श्याम पैलेस गेस्ट हाउस, टरननगंज में भव्य रूप से संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता ही लोकतंत्र का चौथा मजबूत स्तंभ है। उन्होंने पत्रकारों से संविधान को सर्वोपरि मानते हुए सत्य को बेखौफ सामने लाने और लोकतंत्र की रक्षा में निर्णायक भूमिका निभाने का आह्वान किया। महाना ने कहा कि “लोग अखबार में छपी खबर को ही सच मानते हैं, इसलिए पत्रकारों की जिम्मेदारी बहुत बड़ी है।” उन्होंने जनप्रतिनिधियों के कार्यों और विधानसभा में उठने वाले मुद्दों को बिना झिझक प्रकाशित करने तथा बुंदेलखंडी-ब्रजभाषा जैसी स्थानीय भाषाओं के संरक्षण पर भी जोर दिया। वरिष्ठ पत्रकार के.पी. सिंह और अनिल शर्मा ने दस्यु प्रभावित दौर की चुनौतियों के बीच निष्पक्ष पत्रकारिता के अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक विनोद चतुर्वेदी ने की। विशिष्ट अतिथि भागवताचार्य रामश्याम महाराज रहे। पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, डॉ. अरुण मेहरोत्रा, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद यादव, भाजपा नेता शशिकांत सिंह चौहान, अतुल बड़ेरिया, संदीप गुप्ता, आशीष चतुर्वेदी, कमर अहमद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और पत्रकार उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में अध्यक्ष मनोज चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष दीपू सिंह चौहान, पवन दीप निषाद, सोनू महाराज, महामंत्री अमित यादव, कोषाध्यक्ष ईसा रज़ा मंसूरी सहित सभी पदाधिकारियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली तथा सत्यनिष्ठा और निष्पक्षता का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का संचालन ज्ञानेंद्र मिश्रा ने किया।







Leave a comment