कठिन मेहनत और समर्पण से ही मिलता है पुरस्कार : मेधावियों का भव्य सम्मान

उरई । कठिन परिश्रम, लगन और कर्तव्यनिष्ठा ही सफलता की असली कुंजी है। इन गुणों के दम पर जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को रविवार को मुस्कान इंस्टीट्यूट में आयोजित 14वें प्रखरबुद्धि सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा-2025 के जालौन जिला टॉपर यशप्रताप भदौरिया, गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय की बीएससी टॉपर अंशिका सिंह तथा कर्तव्यनिष्ठ छात्रा वर्तिका मिश्रा को विशेष रूप से सम्मान मिला।

•••••••••••••••••••••

कर्तव्यनिष्ठ वर्तिका बनीं ‘उम्मीदों की किरण’

कार्यक्रम की खासियत रही आटा क्षेत्र की होनहार छात्रा वर्तिका मिश्रा, जिन्हें उनकी कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समाजसेवा के लिए “उम्मीदों की किरण पुरस्कार” से नवाजा गया। वर्तिका ने हमेशा पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों को भी बखूबी निभाया है, जिससे वे युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं।

•••••••••••••••••••••

यशप्रताप ने 98% अंकों से बढ़ाया जिले का मान

यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जालौन जिला टॉपर बने यशप्रताप भदौरिया को “प्रखरबुद्धि पुरस्कार” प्रदान किया गया। यशप्रताप ने अपनी मेहनत से पूरे जिले का नाम रोशन किया है।

•••••••••••••••••••••

अंशिका सिंह ने बीएससी में किया टॉप

गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीएससी फाइनल में 83 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अंशिका सिंह को भी प्रखरबुद्धि पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

•••••••••••••••••••••

शिक्षा का मतलब चरित्र निर्माण और समाजोपयोगी विकास : मुख्य अतिथि

मुख्य अतिथि जे.डी.सी. बैंक सभापति बृजभूषण सिंह ‘मुन्नू’ ने कहा कि शिक्षा का असली अर्थ व्यक्ति के भीतर छिपे अदृश्य गुणों को बाहर लाना और समाज के लिए उपयोगी बनाना है। अधूरी शिक्षा से कोई लाभ नहीं, शिक्षा का ध्येय चरित्र निर्माण होना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत निरंजन ने कहा कि सफलता बहुत मुश्किल से मिलती है। जो समर्पण के साथ मेहनत करता है, वही कामयाब होता है। परोपकार और निःस्वार्थ सेवा में ही सच्ची खुशी है।

•••••••••••••••••••••

सुख के पीछे मत भागो, कर्तव्य पकड़ो : डॉ. कुमारेन्द्र सेंगर

वक्ताओं में डॉ. कुमारेन्द्र सेंगर ने कहा कि सुख मृगतृष्णा है, उसके पीछे भागने से कुछ नहीं मिलेगा। कर्तव्य ही सच्चा सुख देता है। डॉ. स्वाति राज ने बेटियों से आत्मबल मजबूत करने और किसी के सामने झुकने की बजाय स्वावलंबी बनने का आह्वान किया।

•••••••••••••••••••••

सभी मेधावियों को 2500 रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र व उपहार

कार्यक्रम में सभी सम्मानित छात्र-छात्राओं को 2500 रुपये नकद, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं अन्य उपहार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुस्कान इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष देवेंद्र शुक्ला ने की। संचालन वरिष्ठ कवि महेंद्र पाटकार ‘मृदुल’ ने किया। इस दौरान मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुदामा दीक्षित, डॉ. रेहान सिद्दीकी, माजिद खान, डॉ. राकेश द्विवेदी, अभय भदौरिया, विजय तिवारी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

••••••••••••••••••••• यह सम्मान समारोह स्व. डॉ. दिनेश चंद्र द्विवेदी (पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष, गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय) की स्मृति में हर वर्ष आयोजित किया जाता है।

Leave a comment

Recent posts