जालौन में 3 जनवरी को वैचारिक महाकुंभ, सावित्रीबाई फुले जयंती व राजेंद्र निरंजन स्मृति दिवस पर जुटेंगे देशभर के चिंतक

उरई। शिक्षा, सामाजिक न्याय और समानता के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आगामी 3 जनवरी 2026 को जनपद जालौन में एक भव्य वैचारिक समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन माता सावित्रीबाई फुले की जयंती एवं स्मृतिशेष राजेंद्र निरंजन के प्रथम स्मृति दिवस के अवसर पर ‘टीम बदलाव परिवार’ के तत्वावधान में किया जा रहा है।

कार्यक्रम का आयोजन ग्राम गढ़र (उरई से लगभग 10 किमी दूर, कोंच रोड) में सुबह 11 बजे से किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन के प्रमुख संयोजक नैशनल जनमत के संपादक नीरज भाई पटेल हैं। समारोह के दौरान क्रांतिसूर्य ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले, यशकायी राजेंद्र निरंजन एवं यशकायी सरला निरंजन की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम मात्र औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, समता और न्याय के मूल्यों को मजबूती देने वाला एक सशक्त वैचारिक प्रयास है। समारोह में देश के प्रख्यात सामाजिक चिंतक, जननायक, सांसद एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अपने विचार साझा करेंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में जस्टिस ए. आर. मसूदी, सांसद चंद्रशेखर आज़ाद, सांसद रामशिरोमणि वर्मा, लोकपाल आर. आर. जैसवार, अपर पुलिस महानिदेशक अनिल किशोर यादव, आईएएस धीरेंद्र सचान, राष्ट्रीय ओबीसी आयोग के सदस्य कौशलेन्द्र सिंह पटेल, सामाजिक चिंतक लक्ष्मण यादव, नेशनल दस्तक के संपादक शंभू कुमार सिंह, आर्टिकल-19 के नवीन कुमार, सचिवालय संघ के अध्यक्ष अर्जुनदेव भारती, सेवानिवृत्त डीआईजी राधेश्याम विश्वकर्मा, सेवानिवृत्त डीआईजी (जेल) बी. आर. वर्मा तथा जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष विनोद कुमार कटियार सहित अनेक विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल रहेंगे।

इस अवसर पर समाजसेवा, स्वास्थ्य, न्याय, शिक्षा और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को 9 विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित भी किया जाएगा।

आयोजन समिति ने जनपद जालौन सहित प्रदेश भर के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर महापुरुषों की वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाने की अपील की है।

Leave a comment