प्रदेश में 8वां स्थान, तहसील जालौन व कालपी प्रथम
जालौन/उरई।
उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली जन शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) के अंतर्गत शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में जनपद जालौन ने प्रदेश स्तर पर 8वां स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। विशेष उपलब्धि यह रही कि तहसील जालौन एवं तहसील कालपी ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर जनपद का नाम गौरवान्वित किया है।
दिसंबर 2025 की मासिक रैंकिंग में जनपद जालौन ने शत-प्रतिशत प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट प्रशासनिक दक्षता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही का परिचय दिया है।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनपद प्रशासन की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सतत निगरानी, प्रभावी अनुश्रवण एवं टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसकी नियमित समीक्षा की गई तथा यह सुनिश्चित किया गया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिक न होकर स्थायी एवं व्यवहारिक समाधान के साथ किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग, अधिकारियों के साथ निरंतर संवाद एवं फील्ड स्तर पर सत्यापन के कारण ही जनपद को यह उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है।
उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली तहसील जालौन एवं कालपी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रमाण है।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद प्रशासन आगे भी पारदर्शी, जवाबदेह एवं नागरिक-केंद्रित प्रशासन के संकल्प के साथ कार्य करता रहेगा, ताकि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा सके और शासन की मंशा को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जा सके।








Leave a comment