परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
जालौन/उरई।
चुर्खी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम न्यामतपुर निवासी एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यामतपुर निवासी शिवकुमार उर्फ विधायक पुत्र प्रताप सिंह (उम्र लगभग 45 वर्ष) सिम्हारा चौराहा स्थित उड़ान भारतीय स्कूल में चपरासी के पद पर कार्यरत था। वह 7 जनवरी को सुबह करीब 9 बजे अपनी पत्नी संपता देवी से यह कहकर घर से निकला था कि वह स्कूल जा रहा है और वेतन लेकर लौटेगा।
दोपहर 3 बजे तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। पत्नी ने अपने दोनों पुत्रों पियूष (16 वर्ष) एवं कपिल (14 वर्ष) को जानकारी दी, जिन्होंने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। देर शाम करीब 10 बजे पत्नी ने स्कूल के शिक्षक ताहिर से संपर्क किया, जिन्होंने बताया कि शिवकुमार सुबह स्कूल आया था, लेकिन खाना खाने की बात कहकर निकल गया था।
इसके बाद परिजन और अधिक चिंतित हो गए तथा पूरी रात खोजबीन जारी रही। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने भदौरिया फिल्म स्टेशन के सामने स्थित उड़ान भारतीय स्कूल के नीचे खाली पड़े हाल में शिवकुमार को फांसी के फंदे पर लटकता हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर चुर्खी थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हेतु उरई भेज दिया गया।
बताया जाता है कि मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य नहीं थी। शिवकुमार दो भाइयों में सबसे बड़ा था। छोटा भाई संतोष मजदूरी एवं खेती-बाड़ी करता है। मृतक स्वयं विद्यालय में चपरासी के पद पर कार्यरत था। घटना के बाद पत्नी, दोनों पुत्र, पिता एवं भाई का रो-रोकर बुरा हाल है।
उड़ान भारतीय विद्यालय दिल्ली से संचालित संस्था बताई जा रही है। विद्यालय के प्रबंधक निहाल सिंह एवं प्रधानाचार्य सुधांशु प्रजापति मौके पर नहीं मिले, विद्यालय पर ताला बंद था।
थाना प्रभारी चुर्खी शिवशंकर सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।





Leave a comment