आलेख्य मतदाता सूची का जनपद भर में वाचन, डीएम ने किया बूथों का निरीक्षण

पात्र मतदाता सूची में नाम अवश्य जांचें, 06 फरवरी तक दर्ज कराएं दावा–आपत्ति

उरई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद जालौन के समस्त मतदान केंद्रों पर आलेख्य मतदाता सूची का वाचन बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं की सुविधा के लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि पात्र मतदाता अपने नाम की जांच एवं आवश्यक संशोधन कर सकें।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जीजीआईसी, जीआईसी, टाउन हॉल, जेएमएस किड्स केयर स्कूल, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय पटेल नगर सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर मतदाता सूची वाचन की कार्यवाही की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि सभी बूथों पर बीएलओ द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों की ड्राफ्ट मतदाता सूची को विधिवत पढ़कर सुनाया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के पाठन का उद्देश्य यह है कि मतदाता अपने नाम, आयु, पता एवं अन्य विवरणों का सत्यापन स्वयं कर सकें। उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की कि वे अनिवार्य रूप से आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, किसी अपात्र व्यक्ति का नाम दर्ज है अथवा नाम, पता, फोटो आदि में कोई त्रुटि है, तो उसका समाधान निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया जा सकता है। फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने, फॉर्म-7 से नाम हटाने तथा फॉर्म-8 द्वारा संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकता है। यह आवेदन संबंधित बीएलओ के पास ऑफलाइन अथवा ऑनलाइन voters.eci.gov.in एवं ceouttarpradesh.nic.in के माध्यम से भी किया जा सकता है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 06 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने और समय रहते आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Leave a comment