उरई (जालौन)। जनपद जालौन की तहसील कोंच अंतर्गत ग्राम रवा में तेंदुए जैसे वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग द्वारा किए गए व्यापक सर्च अभियान में अब तक किसी तेंदुए या उसके पगचिन्ह की पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव ने बताया कि दिनांक 08 जनवरी 2026 को ग्राम रवा में मटर के खेत में तेंदुए जैसा वन्यजीव दिखाई देने की सूचना प्राप्त हुई थी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ड्रोन कैमरे से फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराई गई। प्रारंभिक तौर पर वह वन्यजीव तेंदुए जैसा प्रतीत हुआ, जिसके बाद सुरक्षा की दृष्टि से गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में रात भर गश्त, अलाव जलाने तथा वन कर्मियों की विशेष तैनाती की गई।

प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि 09 जनवरी 2026 की सुबह पुनः उसी क्षेत्र में सघन सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन संबंधित वन्यजीव दिखाई नहीं दिया। इसके बाद से वन विभाग की टीम द्वारा ग्राम रवा के चारों ओर लगातार खोजबीन की गई, किंतु कहीं भी तेंदुए के स्पष्ट पगचिन्ह या अन्य साक्ष्य नहीं मिले

दिनांक 10 जनवरी 2026 को झांसी से आए उच्चाधिकारियों द्वारा भी मौके का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भी न तो तेंदुआ दिखाई दिया और न ही उसके चिन्ह पाए गए। इसके पश्चात प्रभागीय वनाधिकारी, जालौन सामाजिक वानिकी वन प्रभाग उरई द्वारा पांच विशेष सर्च एवं निगरानी टीमों का गठन किया गया। प्रत्येक टीम में ड्रोन कैमरा शामिल किया गया है। इन टीमों का नोडल अधिकारी उप प्रभागीय वनाधिकारी कोंच को नियुक्त किया गया है।

वन विभाग की टीमें वर्तमान में कोंच एवं माधौगढ़ तहसील क्षेत्रों में लगातार कॉम्बिंग, निगरानी एवं जन जागरूकता अभियान चला रही हैं। अब तक किसी भी स्थान पर तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है। प्रभागीय वनाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्थानीय समाचार पत्रों में प्रकाशित कुछ पगचिन्हों की जानकारी त्रुटिपूर्ण है

वन विभाग का मानना है कि 08 जनवरी 2026 के बाद से तेंदुआ जिले में कहीं भी नहीं देखा गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि वह जालौन जिले की सीमा से बाहर जा चुका है। हालांकि एहतियातन निगरानी और जन जागरूकता अभियान लगातार जारी है।

वन विभाग ने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, पूरी तरह सुरक्षित रहें और अपने दैनिक कार्य सामान्य रूप से करें। रात्रि में अकेले बाहर न निकलें, आवश्यकता होने पर समूह में जाएं तथा सुबह खुले में शौच के लिए न निकलें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में तेंदुआ किसी भी रिहायशी क्षेत्र में नहीं पाया गया है और उसकी मॉनिटरिंग लगातार की जा रही है।

Leave a comment