उरई (जालौन)। शुक्रवार को जनपद के रूरा अड्डू गांव में निःशुल्क कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता IFFCO के आरजीबीने की।
इस अवसर पर IFFCO के फील्ड प्रतिनिधि शुभम मिश्रा ने सतत कृषि से लेकर प्रौद्योगिकी आधारित आधुनिक स्मार्ट कृषि तक किसानों के उत्थान हेतु IFFCO द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि IFFCO निरंतर नवाचार और तकनीकी संसाधनों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने एवं कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह ने IFFCO के सामाजिक उत्तरदायित्व की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान द्वारा किए जा रहे ऐसे प्रयास ग्रामीण अंचलों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास हेतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं एवं संसाधनों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान एवं पंचायत सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे। कंबल वितरण कार्यक्रम से जरूरतमंद ग्रामीणों को राहत मिली और आयोजन को सराहनीय बताया गया।







Leave a comment