कलेक्ट्रेट में गूंजा मौन का सम्मान — अमर शहीदों को दो मिनट की श्रद्धांजलि, झुका हर सिर

उरई |
देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में कलेक्ट्रेट सभागार में पूर्वान्ह 11 बजे दो मिनट का मौन धारण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूरा वातावरण गंभीर, शांत और राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण रहा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय सहित कलेक्ट्रेट परिसर में उपस्थित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को नमन किया।

मौन के उन दो पलों में हर आंख नम थी, हर सिर श्रद्धा से झुका हुआ था और हर हृदय में देशभक्ति की लौ प्रज्वलित हो उठी। उपस्थित जनसमूह ने शहीदों के त्याग, समर्पण और अमर बलिदान को स्मरण करते हुए संकल्प लिया कि उनके सपनों का भारत सशक्त, समृद्ध और एकजुट बनेगा।

कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने सभी को राष्ट्र सेवा और कर्तव्य के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

Leave a comment