उरई से दिल्ली तक वंदे भारत ट्रेन की मांग तेज, पूर्व सैनिकों और व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन

उरई |
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जनपद जालौन एवं पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में उरई से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन तक वंदे भारत ट्रेन चलवाए जाने की मांग को लेकर उरई रेलवे स्टेशन पर एकजुट होकर ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन कैप्टन अखिलेश नगायच एवं जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता के नेतृत्व में स्टेशन अधीक्षक एस.के. खरे को सौंपा गया।

प्रदेश संयोजक कैप्टन अखिलेश नगायच ने कहा कि जनपद जालौन को “सैनिकों की धरती” के नाम से जाना जाता है। प्रथम विश्व युद्ध से लेकर वर्तमान समय तक यहां के सैकड़ों वीर सपूतों ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी है। आज भी हजारों सैनिक सीमा पर तैनात होकर राष्ट्र की सुरक्षा में जुटे हुए हैं, लेकिन दुखद है कि इतने गौरवशाली जनपद से राजधानी दिल्ली तक कोई भी सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने कहा कि सीधी ट्रेन न होने के कारण सेवारत सैनिकों, उनके परिजनों तथा आम नागरिकों को यात्रा में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उरई से दिल्ली तक वंदे भारत जैसी आधुनिक और तेज़ रफ्तार ट्रेन की आवश्यकता अत्यंत जरूरी है, जिससे सैनिकों, विद्यार्थियों, मरीजों और आमजन को सुविधा मिल सके।

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कहा कि यदि उरई से राजधानी तक सीधी रेल सेवा प्रारंभ होती है तो इससे जिले के व्यापार, उद्योग और निवेश को भी गति मिलेगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जनपद की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

ज्ञापन में रेलवे प्रशासन से मांग की गई कि जनपद की भावनाओं, सैनिकों के सम्मान और विकास की जरूरतों को देखते हुए शीघ्र उरई से नई दिल्ली तक वंदे भारत ट्रेन का संचालन शुरू किया जाए।

इस अवसर पर कैप्टन छेदा सिंह, कैप्टन संतोष कुमार रैकवार, हवलदार जितेन्द्र सिंह, हवलदार अमर सिंह पाल, नायब सूबेदार बृजलाल चौधरी, नायब सूबेदार रामबाबू राठौर, हवलदार रामशरण शर्मा, पेटी अफसर सौरभ अवस्थी, सूबेदार रामलखन राठौर, हवलदार रामनारायण चतुर्वेदी, हवलदार जसवीर सिंह, सूबेदार मुक्ता प्रसाद, सूबेदार वीर सिंह, हवलदार राजेंद्र कुमार, सूबेदार बी.पी. सिंह, पेटी अफसर रामशंकर सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, व्यापारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

व्यापार मंडल से प्रदीप द्विवेदी, संजीव सिपोलिया, रमेश यादव, सरिता गुप्ता, विनीता कुशवाहा, शिवदयाल गुप्ता, दिनेश कुमार सहित अनेक व्यापारी एवं फौजी भाई कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जालौन के वीर सपूतों और आम नागरिकों को राजधानी से जोड़ना केवल सुविधा नहीं, बल्कि सम्मान और विकास का विषय है।

Leave a comment