गौमाता के बीच पहुंचे जिलाधिकारी–एसपी, दुलार और सेवा से दिया संरक्षण का संदेश

उरई |
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बबीना एवं कदौरा स्थित कान्हा गौशालाओं का स्थलीय निरीक्षण कर गोवंश संरक्षण एवं व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने न केवल व्यवस्थाओं की समीक्षा की, बल्कि गौमाता के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना से सभी का मन जीत लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने गोवंशों को अपने हाथों से गुड़ खिलाया। भावुक कर देने वाला दृश्य तब देखने को मिला, जब जिलाधिकारी द्वारा पुकारने पर गोवंश दौड़ते हुए उनके पास आ गए। उन्होंने प्रेमपूर्वक गौमाता को दुलारते हुए उनके संरक्षण एवं समुचित देखभाल का संदेश दिया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि गोवंशों के लिए हरा चारा, स्वच्छ पेयजल एवं नियमित चिकित्सीय सुविधा हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा केवल दायित्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है।

गौशाला परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रतिदिन सुबह-शाम अनिवार्य रूप से सफाई कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही गौशाला प्रबंधन को व्यवस्थाओं में सुधार, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने एवं अनुशासन बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए, ताकि गोवंशों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक वातावरण मिल सके।

Leave a comment