बारिश के बाद गौशालाओं का डीएम ने लिया जायजा, डेढ़ किमी पैदल चलकर पहुंचे निरीक्षण को

उरई।
जनपद में हुई बारिश के बाद गौवंशों की सुरक्षा एवं गौशालाओं में उपलब्ध व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने ग्राम पंचायत राहिया एवं चमारी स्थित गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर गौशाला तक पहुंचे और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण में पाया गया कि गौशाला तक पहुंचने का मार्ग कच्चा होने के कारण बरसात में आवागमन बाधित हो सकता है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र खड़ंजा अथवा अन्य उपयुक्त निर्माण कराकर मार्ग सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

राहिया गौशाला में भूसा, चोकर एवं हरे चारे के भंडारण हेतु स्थायी भूसा घर का निर्माण अधूरा पाए जाने पर डीएम ने इसे जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही गौशाला के समीप शासकीय भूमि पर नेपियर घास लगाने के निर्देश दिए, ताकि गौवंशों को नियमित रूप से हरा चारा मिल सके।

डीएम ने कहा कि गौवंशों का संरक्षण, भरण-पोषण और सुरक्षा शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Leave a comment