स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर सख्त प्रशासन, 15 दिन में गठित हों समितियां : डीएम

उरई, 04 फरवरी (सू०वि०)।
जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला विद्यालय परिवहन यान सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने पूर्व बैठकों के निर्णयों की समीक्षा करते हुए जिन विद्यालयों में अभी तक परिवहन सुरक्षा समिति गठित नहीं हुई है, उन्हें 15 दिवस के भीतर समिति गठित कर सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी विद्यालय प्रत्येक त्रैमास में समिति की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करें। स्कूली वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने, प्रबंधक व चालक के मोबाइल नंबर अंकित करने, गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा समय-समय पर चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि बिना फिटनेस और सत्यापन वाले वाहनों से बच्चों को विद्यालय भेजने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चालकों का पुलिस सत्यापन, लाइसेंस जांच और वाहनों की फिटनेस जांच अनिवार्य करने के निर्देश दिए।

जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान ने विद्यालय वाहनों के आवागमन में आने वाली बाधाओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान पर जोर दिया।

अंत में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a comment