इटौरा (जालौन)।
श्री कृष्ण उच्च माध्यमिक विद्यालय इटौरा में 21 बटुकों का सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विनोद चतुर्वेदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विधायक ने बटुकों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यज्ञोपवीत संस्कार से बालकों में सनातन संस्कारों का विकास होता है और वे अपने कर्तव्यों के प्रति सजग बनते हैं।
आचार्य दिलीप तिवारी ने वैदिक रीति से गणपति पूजन, मातृ पूजन, दीक्षा, दान एवं काशी भ्रमण की विधियों के माध्यम से संस्कार संपन्न कराया। अवनीश चंद्र द्विवेदी ने कहा कि ब्राह्मण, क्षत्रिय एवं वैश्य समाज को अपने बच्चों का यज्ञोपवीत संस्कार अवश्य कराना चाहिए।
विद्यालय के कोषाध्यक्ष परसुराम तिवारी ने बताया कि संस्कार के उपरांत बटुकों को गायत्री मंत्र की दीक्षा दी जाती है। वहीं राजेंद्र प्रसाद चतुर्वेदी ने कहा कि यज्ञोपवीत के बाद ही वेदाध्ययन का अधिकार प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में कैलाश स्वरूप बाजपेई एवं रमेश चंद्र मिश्रा ने प्रसाद वितरण कर सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य बाल मुकुंद शुक्ल ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय स्टाफ द्वारा सभी का स्वागत किया गया।







Leave a comment