कदौरा-उरई।
विकासखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरखेरा के निरीक्षण के दौरान उस समय एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब प्राथमिक विद्यालय की कक्षा तीन की छात्रा वेदिका ने अपनी असाधारण प्रतिभा से सभी को चौंका दिया।
जैसे ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय पंचायत परिसर में पहुंचे, नन्ही वेदिका ने आत्मविश्वास के साथ उन्हें “नमस्ते” कहा। जिलाधिकारी ने भी मुस्कुराते हुए उसका अभिवादन स्वीकार किया और उससे संवाद शुरू किया।
बातचीत के दौरान जब डीएम ने उससे 9 का पहाड़ा सुनाने को कहा, तो उसने तुरंत सही-सही सुनाया। इसके बाद 16, 17 और 19 जैसे कठिन पहाड़े भी वेदिका ने बिना रुके फर्राटे से सुना दिए।
बच्ची की इस गणितीय दक्षता को देखकर उपस्थित अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण आश्चर्यचकित रह गए। जिलाधिकारी ने वेदिका की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली बच्चे ग्रामीण शिक्षा की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत करते हैं।
उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।







Leave a comment