मेगा विधिक सहायता शिविर के प्रचार वाहन को हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

उरई।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित किए जा रहे मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन को रवाना किया गया।

माननीय प्रशासनिक न्यायमूर्ति श्री सौरभ श्रीवास्तव जी के साथ जनपद न्यायाधीश श्री विरजेंद्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहन को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाम्भवी प्रथम ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल एवं वंचित वर्गों—दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति—को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना तथा उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ दिलाना है।

प्रचार वाहन के माध्यम से शिविर से संबंधित सूचनाएं शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक लोग इस सुविधा से जुड़ सकें।

मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, बीमा योजनाएं, श्रम विभाग की योजनाएं, जल संरक्षण सहित अन्य कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही नागरिकों की विधिक जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जाएगा।

शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय द्वारा दंत, नेत्र एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष मेडिकल कैंप लगाया जाएगा, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

इसके अलावा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ, दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण तथा बैंकों व विभागों की योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे योजनाओं से संबंधित आवेदन शिविर से पहले या शिविर के दिन प्रस्तुत करें। पूर्व में आवेदन करने वाले अपनी रसीद व आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं। पहचान पत्र एवं मान्य प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा।

Leave a comment