उरई (जालौन)।
जनसमस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से जिले में संचालित “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के अंतर्गत मुख्य विकास अधिकारी कुमदेंन्द्र कलाकार सिंह ने विकास खण्ड डकोर की ग्राम पंचायत बरसार में ग्राम चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
ग्राम चौपाल के दौरान सीडीओ ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थियों से पुष्टाहार, पेंशन, शौचालय, राशन, कन्या सुमंगला योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली।
सीडीओ ने निर्देशित किया कि जो पात्र लोग किसी कारणवश योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उन्हें शीघ्र चिन्हित कर लाभ प्रदान किया जाए।
शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, पाठ्यपुस्तकों के वितरण एवं शिक्षण गुणवत्ता की जानकारी ली, जिस पर ग्रामीणों ने संतोष जताया।
स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में उन्होंने सीएचओ से एचआरपी गर्भवती महिलाओं की जानकारी लेते हुए विशेष निगरानी एवं नियमित टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह को खराब हैंडपंपों की रिबोरिंग कराने तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को स्वच्छता व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए।
जिला परियोजना निदेशक अखिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सभी लाभार्थियों को नि:शुल्क आवास प्रदान किया गया है। जिला विकास अधिकारी निशान्त पांडेय ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि खंड विकास अधिकारी रमेश चंद्र शर्मा ने पात्रों को शीघ्र आवास देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर सीडीओ ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन कर मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान कुएं के सौंदर्यीकरण एवं जलस्तर सुधार जैसे विकास कार्यों को देखकर सीडीओ ने ग्राम प्रधान धर्मपाल कौशिक एवं ग्राम पंचायत अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह की सराहना की।
ग्रामीणों ने स्कूल के पीछे लगे ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग रखी, जिस पर सीडीओ ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।







Leave a comment