उरई।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत मतदाता सूची को अधिक समावेशी, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समस्त पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करना है, विशेषकर 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं तथा महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना, क्योंकि इस वर्ग के बड़ी संख्या में मतदाता अभी तक सूची में शामिल नहीं हो सके हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेजों सहित सभी शैक्षणिक संस्थानों में मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को मतदान अधिकार, पंजीकरण प्रक्रिया एवं लोकतंत्र में उनकी भूमिका के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शैक्षणिक संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित कर ऑनलाइन पोर्टल www.voters.eci.gov.in, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप अथवा बूथ लेवल अधिकारी के माध्यम से ऑफलाइन फॉर्म-6 भरवाकर पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।

जिन छात्र-छात्राओं की आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, उनका शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिनकी आयु 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण होगी, उनके फॉर्म-6 अग्रिम रूप से भरवाए जाएंगे।

महिलाओं की भागीदारी पर विशेष चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि हालिया मतदाता सूची में महिलाओं का अनुपात घटा है। विवाह के पश्चात स्थान परिवर्तन के कारण बड़ी संख्या में महिलाएं अपने नए निवास स्थान पर पंजीकरण नहीं करा सकीं, जिससे उनके नाम सूची से छूट गए।

इस स्थिति में सुधार हेतु राष्ट्रीय आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की दीदियों, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सुपरवाइजरों के सहयोग से नवविवाहित महिलाओं एवं किशोरियों का पंजीकरण कराया जाएगा। आगामी 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर फॉर्म-6 भरवाए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को सशक्त बनाती है और यह अभियान महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने मीडिया से अपील की कि इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंजीकरण कार्य में लगे कर्मचारियों को समुचित प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह सके।

Leave a comment