जालौन की बेटियों का दमदार प्रदर्शन, बहराइच को 10 विकेट से हराया”

उरई।
देवीपाटन मंडल सीनियर स्टेट महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबले में जिला क्रिकेट एसोसिएशन जालौन की महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला क्रिकेट एसोसिएशन बहराइच को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। यह एकतरफा मुकाबला बहराइच के इंदिरा गांधी स्टेडियम में खेला गया, जहां जालौन की टीम ने गेंद और बल्ले दोनों से अपना दबदबा कायम रखा।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी बहराइच की टीम जालौन की कसी हुई गेंदबाज़ी के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और पूरी टीम 24.1 ओवर में मात्र 93 रन पर सिमट गई। बहराइच की ओर से ग़ौरी ने सर्वाधिक 26 रन बनाए, जबकि कप्तान ततीर फ़ातिमा ने 25 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली।

जालौन की गेंदबाज़ों ने शानदार तालमेल के साथ विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। आद्या सिंह भदौरिया ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ 5 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए। वहीं अंशी और तनु कश्यप ने भी 2–2 विकेट लेकर टीम को मज़बूत स्थिति में पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जालौन की टीम ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया और बिना कोई विकेट गंवाए मात्र 13.3 ओवर में 97 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज़ राधिका पचहारा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नाबाद 54 रन बनाए, जिसमें 11 आकर्षक चौके शामिल रहे। वहीं अंशी ने नाबाद 36 रन की तेज़ और संयमित पारी खेली। दोनों बल्लेबाज़ों के बीच हुई शानदार साझेदारी ने बहराइच के गेंदबाज़ों को पूरी तरह निष्प्रभावी कर दिया।

डीसीए सचिव विकास कुमार शर्मा ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जालौन की महिला टीम पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण के साथ खेल रही है, जिसका परिणाम लगातार शानदार जीत के रूप में सामने आ रहा है।

इस प्रभावशाली जीत के साथ जिला क्रिकेट एसोसिएशन जालौन की महिला टीम ने टूर्नामेंट में अपनी मज़बूत दावेदारी प्रस्तुत कर दी है। टीम के दमदार प्रदर्शन से खेल प्रेमियों और आयोजकों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।

Leave a comment