उरई।
जनपद जालौन ने उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं पर खरा उतरते हुए मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की नवीनतम रैंकिंग में प्रदेश स्तर पर छठा स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रैंकिंग में जनपद को राजस्व कार्यों में 12वां स्थान तथा विकास कार्यों में प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है, जो प्रशासन की सुदृढ़ निगरानी व्यवस्था और परिणामोन्मुखी कार्यशैली को दर्शाता है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता मुख्यमंत्री के स्पष्ट विजन, पारदर्शी शासन प्रणाली और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से की जा रही निरंतर समीक्षा का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में प्रत्येक योजना को लक्ष्यबद्ध ढंग से लागू किया गया तथा लंबित मामलों पर कड़ी निगरानी रखी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व मामलों में समयबद्ध निस्तारण, जनशिकायतों के त्वरित समाधान तथा विकास योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष फोकस किया गया, जिसके चलते जनपद ने विकास श्रेणी में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर अन्य जिलों के लिए उदाहरण प्रस्तुत किया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन का मुख्य लक्ष्य है। साथ ही आने वाले समय में जनपद की रैंकिंग को और बेहतर बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना के साथ कार्य किया जाएगा।






Leave a comment