उरई, 09 फरवरी 2026 (सू.वि.)।
जनपद में आमजन को कानून के प्रति जागरूक करने और सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने के उद्देश्य से तहसील कालपी क्षेत्र में फरवरी माह के दौरान विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
तहसीलदार एवं सचिव, विधिक सेवा प्राधिकरण तहसील कालपी ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन, उरई के निर्देशानुसार ये कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि पहला जागरूकता शिविर 13 फरवरी 2026 को अपरान्ह 2 बजे ग्राम सैदपुर स्थित प्राथमिक/कम्पोजिट विद्यालय में आयोजित होगा। इस शिविर में तंबाकू, ड्रग्स, धूम्रपान व शराब सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों, नशा उन्मूलन, “ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया (DAWNY)” अभियान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016, गरीबी उन्मूलन योजनाओं तथा लघु रोगों से संबंधित स्वास्थ्य शिविर की जानकारी दी जाएगी।
वहीं दूसरा शिविर 19 फरवरी 2026 को अपरान्ह 2 बजे ग्राम उकासा के प्राथमिक/कम्पोजिट विद्यालय में आयोजित किया जाएगा। इसमें ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों, उनके सशक्तिकरण, सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों तथा थर्ड जेंडर के कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों, सामाजिक जिम्मेदारियों और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, ताकि समाज में जागरूकता और समावेशिता को बढ़ावा मिल सके।
जनता से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इन कार्यक्रमों का लाभ उठाएं।






Leave a comment