उरई।
दारुल उलूम बरकाते मोहम्मदिया के अध्यक्ष व शहर इमाम हाफिज मंजूर बरकाती ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति द्वारा हज-2026 पर जाने वाले जिले के हज यात्रियों के लिए प्रशिक्षण एवं टीकाकरण कार्यक्रम की जिम्मेदारी हज ट्रेनर एवं मदरसे के प्रिंसिपल मौलाना शमशुल कमर कादरी को सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि हज यात्रियों के लिए मेडिकल स्क्रीनिंग, मेडिकल एग्जामिनेशन एवं वैक्सीनेशन अनिवार्य किया गया है। केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं फिट व्यक्ति ही हज यात्रा पर जा सकेंगे।
अध्यक्ष ने जानकारी दी कि आगामी 12 फरवरी को दारुल उलूम बरकाते मोहम्मदिया परिसर में हज ट्रेनिंग कैंप एवं टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के सभी चयनित हज यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सीएमओ कार्यालय से तिथि प्राप्त होने के बाद हज यात्रियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। किसी कारणवश अनुपस्थित रहने वाले यात्रियों को सीएमओ एवं जिला अल्पसंख्यक अधिकारी के परामर्श से पुनः टीकाकरण की सुविधा दी जाएगी।
कैंप के दौरान सभी हज यात्रियों को मेडिकल बुकलेट भी उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही यात्रा, इबादत, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां भी विस्तार से दी जाएंगी।
यह कार्यक्रम दारुल उलूम बरकाते मोहम्मदिया के प्रबंधक व सदर इमाम जमील अहमद कादरी की अध्यक्षता में तथा जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा।
हज ट्रेनर मौलाना शमशुल कमर कादरी अपने सहयोगी हाजी मुबीन के साथ मिलकर यात्रियों को बेहतर, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध प्रशिक्षण व टीकाकरण सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
हज यात्रियों को साथ ले जाने होंगे ये 6 दस्तावेज
उरई। शहर के दारुल उलूम बरकाते मोहम्मदिया में हज 2026 पर जाने वाले यात्रियों के लिए 12 फरवरी को हज ट्रेनिंग कैंप व टीकाकरण शिविर सुबह 9 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान हज
यात्रियों को पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, हज आवेदन फार्म, रकम की रसीद और अस्पताल से प्राप्त फिटनेस प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के किसी भी यात्री को टीका नहीं लगाया जाएगा। जिला हज ट्रेनर मौलाना शमशुल कमर ने सभी हज यात्रियों से समय पर पहुंचकर रजिस्ट्रेशन और टीकाकरण कराने की अपील की है।







Leave a comment