उरई।
उत्तर प्रदेश सरकार की जनशिकायत निवारण प्रणाली आईजीआरएस (IGRS) में जनपद जालौन ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली का लोहा मनवाते हुए प्रदेश स्तर पर छठवां स्थान हासिल किया है। वहीं तहसील कौंच ने शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण के आधार पर प्रदेश में पुनः प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने इसे मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशन, पारदर्शी शासन व्यवस्था और प्रशासनिक अधिकारियों की सतत मॉनिटरिंग का प्रत्यक्ष परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए उसका समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील कौंच द्वारा शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित कर, फील्ड स्तर पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गुणवत्ता आधारित निस्तारण की कार्यशैली अपनाई गई। इसी कारण तहसील कौंच प्रदेश में पहले स्थान पर पहुंचकर अन्य तहसीलों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।
उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन भविष्य में भी उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आईजीआरएस को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाकर आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करता रहेगा।
इस उपलब्धि से शासन और जनता के बीच विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है तथा जालौन जनपद की प्रशासनिक छवि प्रदेश स्तर पर और सुदृढ़ हुई है।






Leave a comment