एनएच-27 पर प्रशासन का एक्शन मोड! रफ्तार के शौकीनों पर टूटा कानून का डंडा, 43 चालान से मचा हड़कंप

उरई, 10 फरवरी 2026 (सू.वि.)।
सड़क सुरक्षा माह के तहत जनपद जालौन में यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर चलाए गए विशेष अभियान में तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने वालों पर कानून का डंडा चला और 43 वाहन चालकों के चालान कर दिए गए।

वरिष्ठ सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) सुरेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान से पूरे हाईवे पर हड़कंप मच गया। अचानक हुई सख्ती से लापरवाह चालकों में अफरा-तफरी का माहौल नजर आया।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट फर्राटा भरने वाले दोपहिया वाहन चालकों और बिना सीट बेल्ट गाड़ी दौड़ाने वालों को मौके पर ही रोका गया। कई चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए भविष्य में नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

सुरेश कुमार ने कहा कि सड़क पर लापरवाही किसी की जान ले सकती है। तेज रफ्तार, नशे में ड्राइविंग और स्टंटबाजी सीधे मौत को न्योता देने जैसा है। ऐसे लोगों के खिलाफ अब कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि नियमों का पालन कर न सिर्फ अपनी, बल्कि अपने परिवार की खुशियों को सुरक्षित रखें। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।

अभियान के दौरान राहगीरों और यात्रियों को भी सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक किया गया। परिवहन विभाग ने साफ कर दिया है कि जनपद में अब नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं।

प्रशासन का लक्ष्य है कि सड़क हादसों पर लगाम लगाकर जनपद को सुरक्षित और अनुशासित बनाया जाए।

Leave a comment