विश्वास, संवेदना और समाधान की मिसाल बनी डीएम की जनसुनवाई

उरई।
आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उन्हें राहत दिलाने की दिशा में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने एक बार फिर संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित जनसुनवाई में उन्होंने स्वयं फरियादियों से संवाद कर उनकी पीड़ा को समझा और तत्काल समाधान की दिशा में कदम उठाए।

जनसुनवाई के दौरान समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे, जिससे दूर-दराज से आए लोगों की शिकायतों का पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

इस दौरान आवास, पेंशन, चक रोड, पुलिस, घरेलू विवाद, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 27 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया, जिससे फरियादियों के चेहरों पर संतोष और राहत की झलक दिखाई दी।

शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उनका समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट को नियमित निगरानी, निरंतर फीडबैक लेने तथा प्रत्येक प्रकरण के प्रभावी समाधान के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य हर पीड़ित को न्याय, सम्मान और राहत दिलाना है।

Leave a comment