उरई। महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने ग्राम सरावन स्थित प्राचीन भूरेश्वर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का गहनता से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर एवं संपर्क मार्गों पर सुदृढ़ एवं समुचित बैरिकेटिंग की व्यवस्था की जाए, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारू बनी रहे। संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्था समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु दो मजिस्ट्रेटों की तैनाती तथा पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी सतर्क एवं सक्रिय रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने भीड़ नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती पर विशेष बल दिया।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि समस्त व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं तथा पर्व के दौरान सतत मॉनिटरिंग की जाए, ताकि महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, उल्लास एवं पूर्ण सुरक्षा के साथ संपन्न हो सके।







Leave a comment