एलआईसी में तालाबंदी, सरकार के खिलाफ कर्मचारियों का बिगुल

श्रम संहिताओं, निजीकरण और आउटसोर्सिंग के विरोध में जालौन में देशव्यापी हड़ताल का असर

जालौन–उरई |
केंद्र सरकार की कथित दमनकारी श्रम संहिताओं, सार्वजनिक क्षेत्र के बीमा उद्योग को कमजोर करने की नीति और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के निजीकरण के प्रयासों के खिलाफ शुक्रवार को जालौन में जबरदस्त विरोध देखने को मिला। ऑल इंडिया इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन के आह्वान पर एलआईसी जालौन शाखा में एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के तहत पूर्ण तालाबंदी रही। शाखा कार्यालय के मुख्य द्वार पर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे माहौल पूरी तरह आंदोलनमय हो गया।

धरने को संबोधित करते हुए कानपुर डिवीजन इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोसिएशन, यूनिट जालौन के अध्यक्ष सुशील कुशवाहा ने कहा कि केंद्र सरकार तानाशाही तरीके से ऐसे श्रम कानून थोपना चाहती है जो सीधे तौर पर मजदूर और कर्मचारी वर्ग के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सार्वजनिक उपक्रमों को पूंजीपतियों के हाथों सौंपने की साजिश रची जा रही है, जिसे कर्मचारी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि देश की जनता को जागरूक किया जाएगा कि मौजूदा नीतियां श्रमिक और कर्मचारी विरोधी हैं।

वहीं धरने को संबोधित करते हुए यूनिट सेक्रेटरी कॉमरेड अफसार अहमद ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाले सार्वजनिक उपक्रमों को निजी हाथों में सौंपने का प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय जीवन बीमा निगम जैसे मजबूत और भरोसेमंद सार्वजनिक संस्थान को कमजोर करने की हर कोशिश का संगठन डटकर मुकाबला करेगा। उन्होंने एलआईसी में आउटसोर्सिंग तत्काल बंद करने, क्लास-3 और क्लास-4 में शीघ्र भर्ती तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करने की जोरदार मांग की।

नेताओं ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक तनाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार आम जनमानस की समस्याओं की अनदेखी कर चुनिंदा औद्योगिक घरानों को लाभ पहुंचाने में लगी है। एलआईसी दशकों से जनता की बचत और भरोसे की रीढ़ रही है, और इसका निजीकरण गरीब व मध्यम वर्ग की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ होगा।

धरना स्थल पर “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
धरने में कॉमरेड सुशील कुशवाहा, कॉमरेड अफसार अहमद, मुकेश कुमार, किशन कुमार, देवेंद्र सिंह, मुरारी, अमित, मुकेश कुमार, श्रीराम, राम कुमार, गजेंद्र, शेखर इमरान सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a comment