डीआरएम को सौंपा ज्ञापन, वंदेभारत समेत कई अहम मांगें रखीं
उरई |
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, जनपद जालौन के जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता एवं पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन के कैप्टन संतोष रायकवार के नेतृत्व में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडलीय रेल प्रबंधक (डीआरएम) को विभिन्न जनहित मुद्दों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में झांसी–कानपुर रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों के उरई स्टेशन पर ठहराव समय को वर्तमान 2 मिनट से बढ़ाकर कम से कम 5 मिनट किए जाने की मांग की गई, ताकि यात्रियों को चढ़ने-उतरने में होने वाली परेशानी दूर हो सके। इसके साथ ही उरई से नई दिल्ली तक वंदेभारत एक्सप्रेस चलाने की भी मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने लंबी दूरी की ट्रेनों में अनारक्षित कोचों की संख्या बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि इससे सामान्य टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक सफर मिलेगा। वहीं झांसी–लखनऊ इंटरसिटी एवं झांसी–कानपुर/कानपुर–झांसी मेमू पैसेंजर ट्रेनों में वर्तमान 8 कोचों के स्थान पर 12 कोच किए जाने की आवश्यकता भी जताई गई।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि उरई से झांसी जाने वाली ट्रेनों को मुसतरा स्टेशन पर अधिक देर तक रोके जाने से दिल्ली एवं मुंबई जाने वाली ट्रेनों की कनेक्टिविटी प्रभावित होती है। उन्होंने मांग की कि मुसतरा स्टेशन पर अनावश्यक विलंब न किया जाए। साथ ही कानपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों को गोविंदपुरी होम सिग्नल पर लंबे समय तक रोके जाने की समस्या के समाधान की भी मांग रखी गई।
इसके अलावा द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय (वेटिंग रूम) की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
डीआरएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उचित स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री संजीव सिपोलिया, क्षेत्रीय मंत्री बलवीर सोनी, महिला विंग जिलाध्यक्ष सुनीता राज, रीना वर्मा, नगर अध्यक्ष उमेश चंद्र शर्मा, नगर उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पांचाल, संगठन सचिव दिनेश कुमार निगम, नायब सूबेदार रामशरण शर्मा, हवलदार राजाराम पाण्डेय, संतराम तिवारी एवं रमन सिंह सहित अनेक पदाधिकारी व पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।







Leave a comment