जोश, जुनून और जज़्बे से गूंजा मैदान, उरई में मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

उरई। राजकीय इंटर कॉलेज के विशाल खेल मैदान में झांसी मंडल की 36वीं मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह, अनुशासन और गरिमामय वातावरण के बीच हुआ। खिलाड़ियों के जोशीले कदम, दर्शकों की तालियों की गूंज और अनुशासित मार्चपास्ट ने पूरे परिसर को खेल भावना से सराबोर कर दिया।

दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में झांसी मंडल के तीनों जनपद—झांसी, ललितपुर और जालौन—के कुल 530 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें झांसी से 170, ललितपुर से 165 और मेजबान जनपद जालौन से 195 खिलाड़ी शामिल हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, एडी बेसिक संतोष कुमार पांडे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं खेल प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि डॉ. घनश्याम अनुरागी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में संघर्ष, संयम और समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और निरंतर प्रयास होता है।

जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि खेलकूद से शारीरिक सुदृढ़ता के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और निष्ठा के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश ने स्वागत भाषण में कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार हैं। खेलों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित होता है। मंडल स्तरीय यह प्रतियोगिता प्रतिभाओं को निखारने का एक सशक्त मंच है।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उच्च प्राथमिक वर्ग की 100 मीटर बालक दौड़ में ललितपुर के सुमित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि झांसी के राज प्रताप सिंह द्वितीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अंजलि (ललितपुर) प्रथम और मोहिनी (झांसी) द्वितीय रहीं।

200 मीटर बालक दौड़ में भी सुमित ने अपना दबदबा कायम रखते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि जालौन के आकाश दूसरे स्थान पर रहे। लंबी कूद बालक वर्ग में जालौन के साहिल ने बाजी मारी, वहीं बालिका वर्ग में अंजलि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्राथमिक वर्ग की स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 50 मीटर बालक दौड़ में बालमुकुंद (ललितपुर) प्रथम रहे, जबकि 50 मीटर बालिका दौड़ में भाग्यश्री (ललितपुर) ने जीत दर्ज की। 100 और 200 मीटर दौड़ में ललितपुर एवं झांसी के खिलाड़ियों का वर्चस्व देखने को मिला। वहीं 200 मीटर बालिका वर्ग में जालौन की आराधना ने प्रथम स्थान प्राप्त कर मेजबान जनपद का गौरव बढ़ाया। लंबी कूद बालक वर्ग में अनिल पाल (ललितपुर) ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया।

मेजबान जनपद जालौन द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सभी अतिथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम का संचालन मोहित गुप्ता (एआरपी, डकोर) एवं डॉ. कल्पना श्रीवास्तव ने कुशलतापूर्वक किया।

प्रतियोगिता के आगामी चरणों में विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें मंडल के उभरते खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर खेल जगत में नई पहचान बनाने का प्रयास करेंगे।

Leave a comment