प्रिन्स द्विवेदी
माधौगढ़-नगर स्थित एसएमजी गार्डन में विश्व हिंदू परिषद द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष की पूर्णता के उपलक्ष्य में एक विराट हिन्दू एकता सम्मेलन का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रान्त बौद्धिक प्रमुख रमेश भाई ने उद्बोधन देते हुए कहा कि डॉ. हेडगेवार ने गंभीर मंथन कर यह विचार किया कि भारत को भले ही राजनीतिक स्वतंत्रता प्राप्त हुई हो, किंतु उसकी स्थायित्व-गारण्टी क्या है। उन्होंने स्मरण कराया कि जिस राष्ट्रभूमि में अगस्त्य मुनि जैसे महर्षि हुए, जो अपनी अंजलि से समुद्र को शोषित कर सकते थे, तथा आचार्य चाणक्य जैसे महामनीषी उत्पन्न हुए, जो विश्वगुरु भारत को ज्ञानप्रदायिनी शक्ति बनाते थे, वही राष्ट्र पराधीन क्यों हुआ? इसका मूल कारण हिन्दू समाज का जाति, संप्रदाय, अस्पृश्यता, भाषा एवं ऊँच-नीच के विभेदों में विखंडित होना था। इसी चिन्तन से प्रेरित होकर डॉ. हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की। उन्होंने कहा कि संघ की शाखा व्यक्ति को व्यक्तिगत अनुशासन से सामूहिक अनुशासन तक तथा चरित्र-संस्कारों का सम्यक् प्रशिक्षण प्रदान करती है।
विद्यार्थी परिषद के प्रान्त संगठन मंत्री मनीष ने अपने वक्तव्य में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश का प्रथम ऐसा संगठन है जिसने शताब्दी वर्ष पूर्ण किया है। आपदा, दुर्घटना अथवा विपत्ति की घड़ी में राष्ट्रहित में सर्वप्रथम सड़कों पर उतरने वाला संगठन संघ ही है। उन्होंने कहा कि आज अभिभावक बच्चों को केवल डिग्रियाँ दिलाने में लगे हैं, किन्तु संस्काराभाव के कारण वही सन्तान माता-पिता को वृद्धाश्रम तक पहुँचा देती है; संघ बालकों में संस्कारों का रोपण करता है।
दुर्गा वाहिनी की प्रान्त संयोजिका अन्वी ने कहा कि हिन्दू समाज संकुचित होता जा रहा है, अतः ऐसे सम्मेलनों के माध्यम से विघटित समाज को पुनः संगठित करना आवश्यक है, क्योंकि परिवार का विघटन ही समाज के विघटन का कारण बनता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता 1008 रामदास जी महाराज दंदरौआ सरकार ने की। उन्होंने भक्ति, श्रद्धा, तीर्थ तथा ईर्ष्या के दार्शनिक आयामों का विवेचन करते हुए हिन्दू समाज को आशीर्वचन प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन शिवप्रसाद चंसोलिया ने किया।
इस अवसर पर संयोजक प्रबल प्रताप सिंह, गौतम त्रिपाठी, गिरीश सिंह, ऋषि गहोई, अमन शिवहरे, रविन्द्र सिंह, शत्रुघ्न सिंह सेंगर, राघवेन्द्र व्यास, मोहित दोहरे, अमित बादल, प्रशांत गुप्ता, विनय प्रताप सिंह, शिवपूजन सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।







Leave a comment