उरई।
तहसील कालपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सैदपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में निःशुल्क विधिक सेवाएं, विधिक सशक्तीकरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से लघु सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता अपर जिला जज सुरेश चन्द्र गुप्ता ने की। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि जनपद जालौन में आगामी 22 फरवरी 2026 को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस मेगा शिविर में जिले के समस्त विभागों द्वारा अलग-अलग कैंप लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न प्रशासनिक, जनकल्याणकारी एवं कार्यकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चिन्हित कर एक ही स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
सचिव (पूर्णकालिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालौन की सचिव सम्भवी प्रथम ने बताया कि मेगा शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल वर्गों—दिव्यांग, महिलाएं, बच्चे, निर्धन वर्ग, असंगठित श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति—को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उन्हें सशक्त बनाना है।
उन्होंने बताया कि शिविर में महिला सशक्तिकरण, बीमा योजनाएं, श्रम विभाग, जल संरक्षण योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही जिला चिकित्सालय द्वारा दंत, नेत्र एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच हेतु मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा।
इस अवसर पर सिविल जज (जू.डि.) कालपी अभिषेक चौधरी ने आमजन से अपील की कि वे 22 फरवरी को आयोजित मेगा शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
शिविर में तहसीलदार कालपी अभिनव तिवारी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी।
स्थायी लोक अदालत जालौन के सदस्य रामबाबू केवट ने लोक अदालत एवं सुलह-समझौता केंद्र के लाभ बताते हुए विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जाने वाली निःशुल्क कानूनी सुविधाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान करन सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार मुकेश कुमार, ग्राम सचिव, लेखपाल रश्मि, पीएलवी अरविन्द कुमार पाण्डेय, गजेन्द्र सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







Leave a comment