त्योहारों को शांतिपूर्ण बनाने के लिए सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक, डीएम-एसपी ने दिए दिशा-निर्देश

उरई। आगामी महाशिवरात्रि, रमजान एवं होली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में जिलाधिकारी ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार सामाजिक समरसता और भाईचारे के प्रतीक हैं। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि शांति व्यवस्था भंग करने के प्रयासों को समय रहते रोका जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाएगी तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। उन्होंने सभी समुदायों के प्रतिनिधियों से आपसी संवाद बनाए रखने और शांति व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) योगेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीरेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही प्रमुख मंदिरों के संस्थापक, पुजारी, विभिन्न समुदायों के धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता करते हुए अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसहयोग से ही त्योहारों को सुरक्षित, सौहार्दपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सकता है, जिसके लिए सभी की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।

Leave a comment